धमतरी। आकाशगंगा कॉलोनी में सिलसिलेवार चोरी का पुलिस ने आज खुलासा किया। मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मध्यप्रदेश धार का सक्रिय गिरोह को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार चारों घटनाओं में आरोपियों की कार्यप्रणाली समान रही। आरोपियों ने केवल उन मकानों को निशाना बनाया, जिनमें ताला लगा हुआ था और परिवार अनुपस्थित थे। रात्रि 11:00 बजे से प्रातः 03:00 बजे के बीच मुख्य द्वार के ताले/कुंडी को तोड़कर घर में प्रवेश किया गया। घर के सभी कमरों की तलाशी लेकर आलमारियां तोड़ी गईं तथा आभूषण एवं नगदी चोरी कर आरोपी फरार हो गए। एफआईआर में प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में 8 फरवरी को प्रातः 02:56 बजे चार अज्ञात व्यक्तियों को घर में प्रवेश करते स्पष्ट देखा गया। घटना के पश्चात आरोपी धमतरी बस स्टैंड से बस द्वारा रवाना हो गए।
विवेचना के दौरान पुलिस को 9 फरवरी को कोरबा जिले की एनटीपीसी कॉलोनी में भी इसी प्रकार की चोरी की सूचना प्राप्त हुई। धमतरी पुलिस द्वारा कोरबा पुलिस से समन्वय स्थापित कर घटनास्थल का निरीक्षण एवं सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया गया। इसके उपरांत 12-13 फरवरी 2026 को अंबिकापुर में भी इसी प्रकार की चोरी की घटना सामने आई। वहां भी टावर डंप, रूट विश्लेषण एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह पुष्टि हुई कि एक ही गिरोह विभिन्न जिलों में वारदातों को अंजाम दे रहा है। तकनीकी विश्लेषण में पाया गया कि चारों आरोपियों में केवल एक व्यक्ति मोबाइल का उपयोग करता था, वह भी सीमित समय के लिए। आपसी संपर्क के लिए इंस्टाग्राम चैट का उपयोग किया जाता था। ऑल इंडिया पुलिस ग्रुप में सीसीटीवी फोटो साझा करने पर आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के धार जिले के टाटा थाना क्षेत्र के एक सक्रिय चोर गिरोह के रूप में हुई। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित कर मध्यप्रदेश के धार जिले रवाना किया गया। टीम द्वारा लगभग 9 दिनों तक लगातार निगरानी रखते हुए विभिन्न वेशभूषा में कार्यवाही की गई। टीम ने एक आरोपी दिनेश बवानिया को गिरफ्तार किया । आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त उपकरण (पाना, पेचकस आदि) बरामद किए गए। साथ ही FIR क्रमांक 0054 में चोरी हुई सोने की अंगूठी भी बरामद की गई है, जिसकी पहचान की कार्यवाही पृथक से की जाएगी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की वस्तुओं को आपस में बांटकर बेच दिया जाता था।
दर्ज प्रकरण
तुलसी राम ध्रुव, आकाशगंगा फेज-2, क्वार्टर नंबर B-8, सोने की अंगूठी एवं नगदी 25,000 रुपये
विकास कटेन्द्र, आकाशगंगा फेज-1, मकान नंबर 41, चांदी के सिक्के, नगदी एवं घड़ी
रूपेन्द्र कुमार साहू, आकाशगंगा फेज-2, मकान नंबर 26, सोने के आभूषण (बाला, रिंग, मंगलसूत्र),
उत्तम कुमार तिवारी, आकाशगंगा फेज-2, E-16 रूद्री रोड, नकदी (आलमारी एवं गुल्लक) 15,000/- रुपये



