धमतरी…. महासमुंद में आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन की संभाग स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के अंतर्गत राइफल शूटिंग में धमतरी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच केवी धमतरी की बालिकाओं ने अपने खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया।
स्वास्तिका सिंह ने अंडर 19 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने अपनी मेहनत और अनुशासन से सभी को प्रेरित करते हुए प्रतियोगिता में सर्वाधिक स्कोर कर नया मीट रिकॉर्ड भी बनाया। द्वितीय स्थान पर शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षक श्री अनुभव सोनवानी की सुपुत्री सोनिया रहीं।
वहीं अंडर 14 वर्ग में श्रेया देवांगन ने स्वर्ण पदक, अनिका वैष्णव ने रजत पदक तथा वंदिता साहू ने कांस्य पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुईं। बालिकाओं ने यह सिद्ध कर दिया कि निरंतर प्रयास से सफलता की राह बनाई जा सकती है।
बालक वर्ग में राज निषाद ने अंडर 19 में स्वर्ण पदक तथा प्रतीक साहू ने रजत पदक प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन सुनिश्चित किया। सभी प्रतिभागियों ने अपने साहस और आत्मविश्वास से प्रतियोगिता को यादगार बना दिया और धमतरी जिले को गौरवान्वित किया।



