धमतरी। शहर के पीजी कॉलेज रोड स्थित रत्नाबाँधा क्षेत्र में शनिवार सुबह लक्ष्मी एल्युमिनियम के बर्तन गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसका घना काला धुआं कई किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे गोदाम से अचानक लपटें उठनी शुरू हुईं और देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में स्टील और एल्युमिनियम के बर्तन बोरियों में भरे हुए थे, साथ ही प्लास्टिक के ड्रम भी रखे थे, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए धमतरी के साथ कुरुद से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। आग बुझाने के लिए 8 से 10 टैंकर पानी के साथ-साथ फोम का भी इस्तेमाल किया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।



