धमतरी। जिला मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनदर्शन में नगर पंचायत भखारा के ग्राम भठेली निवासी श्री मूलचंद बांधे ने भूमि व्यवस्थापन संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। ग्राम पंचायत बारना के श्री तोरणलाल एवं श्री मधुसूदन यादव ने अवैध अतिक्रमण की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम बोड़रा की श्रीमती भूपेश्वरी साहू ने आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने का अनुरोध किया, वहीं रत्नाबांधा के श्री सईद चौहान ने सड़क पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग रखी।
ग्राम करेली बड़ी के द्वारिका निषाद ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन प्राप्त नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। ग्राम पंचायत भंवरमरा के ग्रामीणों ने निस्तारी नाला में एनीकट निर्माण की आवश्यकता बताई। रिसाईपारा के असलम खान तथा रामपुर वार्ड धमतरी की ललिता, चंद्रिका सहित अन्य नागरिकों ने भूमि अभिलेखों में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
इसके अतिरिक्त, ग्राम कोसमर्रा के भूपेश साहू ने 220 के.वी. विद्युत लाइन के अंतर्गत वृक्ष कटाई एवं फसल क्षति के मुआवजे की मांग की। महात्मा गांधी वार्ड धमतरी निवासी वृद्ध किशन यादव ने अपनी तीनों नातिनों के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग से छात्रवृत्ति प्रदान किए जाने का निवेदन किया। ग्राम पंचायत परसुली के ग्रामीणों ने तटबंध से लगी घास भूमि पर अवैध कब्जा हटाने तथा इससे उत्पन्न असंतोष के संबंध में कलेक्टर को आवेदन सौंपा।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।



