कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय युवक के साथ उसकी पत्नी भी मौजूद थी। पत्नी ने पति को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और पानी की गहराई के कारण वह सफल नहीं हो सकी। नगर सेना की DDRF टीम ने रविवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद एनिकट से उसका शव बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, धरम धनुहार शनिवार 19 सितंबर की सुबह अपनी पत्नी के साथ कुदुरमाल एनिकट गया था। दोनों वहां मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक धरम गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। पति को पानी में डूबता देख पत्नी ने उसे बचाने की कोशिश की। उसने काफी प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह पति को नहीं बचा सकी। पत्नी की आंखों के सामने ही धरम पानी में समा गया। घटना से घबराई पत्नी किसी तरह वहां से निकलकर गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को पूरे मामले की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में एनिकट पहुंचे। इसके बाद मामले की जानकारी उरगा थाना पुलिस को दी गई। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेजा। इसके साथ ही नगर सेना की DDRF टीम को भी रेस्क्यू के लिए बुलाया गया। DDRF की टीम ने शनिवार शाम से ही एनिकट में तलाश अभियान शुरू किया। पानी का तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन धरम का पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह 20 सितंबर को DDRF टीम ने एक बार फिर एनिकट में अभियान शुरू किया। कई घंटे की मेहनत के बाद टीम ने धरम धनुहार का शव पानी से बाहर निकाला। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।









