धमतरी। धमतरी शहर के शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय में महिला कबड्डी प्रतियोगिता का रोमांच देखने को मिला. मैदान में अलग-अलग महाविद्यालयों से आई महिला खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया. मुकाबलों में खिलाड़ियों की फुर्ती, ताकत और रणनीति ने दर्शकों का ध्यान खींचा. प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया.
छत्तीसगढ़ शासन उच्च शिक्षा विभाग ने इस प्रतियोगिता का आयोजन किया था.इस सेक्टर स्तरीय अंतर महाविद्यालय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मैच शासकीय नारायण राव मेघावाले कन्या महाविद्यालय धमतरी और नेताजी सुभाष शासकीय महाविद्यालय अभनपुर के बीच हुआ. वहीं दूसरे सेमीफाइनल में गुरुकुल कन्या महाविद्यालय रायपुर और छत्तीसगढ़ महाविद्यालय रायपुर की टीमें आमने-सामने रहीं। .
इसके बाद फाइनल मुकाबला नेताजी सुभाष शासकीय महाविद्यालय अभनपुर और गुरुकुल कन्या महाविद्यालय रायपुर के बीच खेला गया. फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुकुल कन्या महाविद्यालय रायपुर विजेता बना, जबकि नेताजी सुभाष शासकीय महाविद्यालय अभनपुर उपविजेता रहा.
वरिष्ठ खेल अधिकारी रूपेंद्र सिंह चौहान और सेवानिवृत्त वरिष्ठ खेल अधिकारी डॉ. रामानंद यदु ने बताया कि सेक्टर स्तर की इस प्रतियोगिता के बाद खिलाड़ियों का चयन रायपुर सेक्टर टीम के लिए किया जाएगा. चयनित महिला खिलाड़ी राज्य स्तरीय अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी, जिसका आयोजन बिलासपुर में होगा.









