जशपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 520 किलो अवैध गांजा जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुनकुरी और नारायणपुर थाना क्षेत्रों में तीन अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 520 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये बताई गई है।  कार्रवाई में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

कुनकुरी में दो कार्रवाई, 494 किलो गांजा बरामद कुनकुरी थाना पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही बिना नंबर की सोल्ड बोलेरो पिकअप की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस टीम ने थाना के सामने वाहन को घेराबंदी कर रोक लिया। वाहन की तलाशी के दौरान सब्जी की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियां मिलीं। बोरियों की जांच करने पर पीले रंग की प्लास्टिक टेप से लिपटे 120 पैकेट बरामद हुए। जांच में इन पैकेटों में करीब 246 किलो गांजा पाया गया। वाहन में सवार दो आरोपियों की पहचान अनवर अंसारी, उम्र 45 वर्ष, निवासी नेकरा, थाना अंगडे, जिला रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी दादर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को एक बिना नंबर की सोल्ड सेल्टोस कार तेज गति से गुजरती दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पुलिस को पीछे आता देख चालक सालियाटोली के पास कार छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो 20 बैगों में रखे 120 पैकेट मिले। इनमें करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। वाहन और गांजे को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है। इस तरह अकेले कुनकुरी क्षेत्र में कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।

इधर, नारायणपुर थाना पुलिस को 27 अगस्त को करीब 11:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP-33C-5625 में गांजे का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर कार को रोका और तलाशी ली। कार की डिक्की में छिपाकर रखे 17 पैकेट बरामद हुए, जिनमें करीब 26 किलो गांजा मिला। पुलिस ने कार में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान कमल किशोर ओझा, उम्र 56 वर्ष, निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश और अनिता सोनी, उम्र 35 वर्ष, निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment