रायपुर। देर रात सेडीखेड़ी इलाके में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और फिर पलट गई। हादसे में कार सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक अन्य युवती घायल हो गए हैं। सभी घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक-युवतियां नया रायपुर की ओर गए हुए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सेडीखेड़ी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सीधे डिवाइडर से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और राहत कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिरहसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दो युवक और एक युवती का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।









