धमतरी। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने केरेगांव में महिला सहित 2 आरोपी को गिरफ्तार किया। दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई । आरोपियों से 19.5 लीटर शराब एवं 550 रूपये की बिक्री रकम जब्त किया गया।
राजीव नगर फुटहामुड़ा, माकरदोना: थाना केरेगांव पुलिस टीम द्वारा सूचना की तस्दीक के बाद राजीव नगर फुटहामुड़ा में दबिश दी गई। मौके पर रमुला बाई कमार निवासी राजीव नगर फुटहामुड़ा (माकरदोना) को अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा गया। उसके कब्जे से 3.500 लीटर शराब एवं बिक्री रकम 200 रूपये जब्त की गई। प्रकरण में अपराध क्रमांक 22/2026, धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
बांसपारा कुकरेल: इसी प्रकार पुलिस टीम द्वारा ग्राम बांसपारा कुकरेल स्थित आरोपी के घर की बाड़ी में दबिश दी गई, जहां चंदर कमार को अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री करते पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 16 लीटर अवैध महुआ शराब एवं बिक्री रकम 350 रूपये जब्त की गई। प्रकरण में अपराध क्रमांक 23/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।दोनों प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही करते हुए विवेचना एवं अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।










