धमतरी। जिले में मौसमी बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। बारिश के मौसम में संभावित मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए पूर्व अनुभवों के आधार पर संवेदनशील एवं चिन्हांकित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम द्वारा लोगों की जांच कर आवश्यक उपचार एवं दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिले में मौसमी बीमारियों की स्थिति सामान्य है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग द्वारा एहतियातन लगातार निगरानी की जा रही है। चिन्हांकित क्षेत्रों में स्वास्थ्य अमले को सक्रिय रखा गया है तथा आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय दल भेजकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। बुखार, सर्दी-खांसी, उल्टी-दस्त सहित अन्य मौसमी लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मैदानी स्तर पर मितानिनों, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से भी लोगों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग, घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा नहीं होने देने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि बुखार अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र अथवा शिविर में चिकित्सकीय परामर्श लें।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय पर निगरानी, त्वरित जांच और उपचार सबसे महत्वपूर्ण है। जिले में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले को सक्रिय रखते हुए चिन्हांकित क्षेत्रों में शिविर लगाए जा रहे हैं। किसी भी क्षेत्र में बीमारी के मामलों में वृद्धि की सूचना मिलने पर तत्काल स्वास्थ्य टीम पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे। लोगों को भी स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि मौसमी बीमारियों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों एवं चिकित्सकीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जिलेवासियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।







