जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना कुनकुरी वन परिक्षेत्र के रांझाडांड इलाके की है।
जानकारी के मुताबिक, कुनकुरी वन परिक्षेत्र के रांझाडांड और आसपास के इलाके में पिछले कुछ समय से एक लोनर हाथी विचरण कर रहा है। लोनर हाथी उस हाथी को कहा जाता है, जो अपने झुंड से अलग होकर अकेले घूम रहा हो। ग्रामीणों के अनुसार, तड़के करीब तीन बजे दंतैल हाथी कंचन बाई के घर के पास पहुंचा और मकान की दीवार को नुकसान पहुंचाने लगा। अचानक दीवार टूटने की आवाज से घर में सो रहे लोग घबरा गए। खतरा महसूस होने पर कंचन बाई की बेटी, दामाद और नाती घर के पीछे के दरवाजे से बाहर निकल गए। इसी दौरान बुजुर्ग कंचन बाई भी जान बचाने के लिए घर से निकलने की कोशिश करने लगीं।
बताया जा रहा है कि अंधेरा और अफरा-तफरी होने के कारण बुजुर्ग महिला भागते समय हाथी के सामने पहुंच गई। इससे पहले कि वह संभल पातीं, दंतैल हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने महिला को सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हाथी वहां से निकलकर जंगल की ओर चला गया









