धमतरी….. अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा युवक ने आत्महत्या कर ली। दरअसल पत्नी ने साथ चलने से इनकार कर दिया, इसके बाद युवक ने जान दे दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपेश कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले के मुरकी गांव का रहने वाला था.
मिली जानकारी के अनुसार दीपेश अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने 20 जून को मेघा गांव स्थित ससुराल पहुंचा था. वहां उसने पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत की और पत्नी को अपने साथ चलने के लिए मनाने की कोशिश की. हालांकि पत्नी ने उसके साथ जाने से साफ इनकार कर दिया. पत्नी के इस फैसले से दीपेश काफी परेशान हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पत्नी के मना करने के कुछ समय बाद दीपेश ससुराल के पास स्थित एक पान ठेले के आसपास पहुंचा और वहीं आत्महत्या कर ली. जब आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी तो तत्काल परिजनों और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी गई. घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया.
सूचना मिलने के बाद मगरलोड पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.








