एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में जप्त 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का हुआ नष्टीकरण

धमतरी। जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही एवं नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धमतरी  सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर  एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में जप्त लगभग 4 क्विंटल मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में नष्टीकरण की संपूर्ण प्रक्रिया अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी श्री शैलेंद्र कुमार पांडे की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति, पुलिस , आबकारी विभाग तथा संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।

जिले के थाना/चौकी सिटी कोतवाली धमतरी, अर्जुनी, भखारा, बिरेझर, केरेगांव एवं सिहावा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज कुल 18 प्रकरणों में जप्त 388.392 किलोग्राम मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया। यह कार्यवाही एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों, उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देशों तथा निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के अनुरूप की गई।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति का गठन किया गया है। उक्त समिति द्वारा जप्त मादक पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, सत्यापन, अभिलेखीकरण एवं नष्टीकरण संबंधी समस्त प्रक्रियाओं का परीक्षण कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की गई।

नष्टीकरण कार्य हेतु मेसर्स रूपगढ़ पॉवर एण्ड एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड (पूर्व नाम मेसर्स ईशा पॉवर प्राइवेट लिमिटेड), ग्राम बंजारी, थाना कुरूद, जिला धमतरी का चयन किया गया था। उक्त कार्यवाही से पूर्व छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायपुर तथा ग्राम पंचायत बंजारी से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त किए गए। पर्यावरणीय सुरक्षा मानकों, प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों तथा एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत निर्धारित समस्त वैधानिक प्रावधानों का पालन करते हुए जप्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण संपन्न कराया गया।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment