धमतरी। सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत नगरी विकासखंड के ग्राम गट्टासिल्ली में आज 15वें समाधान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर जनपद पंचायत नगरी के भानेन्द्र ठाकुर, सभापति प्रेमसिंह सलाम, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रीति दुर्गम, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत रोहित बोर्झा, तहसीलदार नगरी चुम्मन लाल ध्रुव, तहसीलदार बेलरगांव अखिलेश देशलहरा, तहसीलदार कुकरेल ख्याति कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं 11 ग्राम पंचायतों के सरपंच उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। शिविर में आम नागरिकों से संवाद कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और समस्याओं के निराकरण को लेकर भी जानकारी प्राप्त की गई।
समाधान शिविर में गटट्टा सिल्ली सहित बगरूमनाला, करैहा, गेदरा, आमदी, चिंवरी (मा.), सरईटोला (मा.), गोविंदपुर, बटनहर्रा, झुंझराकसा एवं घोटगांव ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में कुल 377 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 370 मांग संबंधी एवं 7 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। प्राप्त आवेदनों में से 346 आवेदनों का संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर परीक्षण उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, फूड बास्केट एवं निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से माताओं और बच्चों को पोषण किट प्रदान किए गए। तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
सुशासन तिहार के तहत आयोजित यह समाधान शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण, योजनाओं की प्रभावी पहुंच तथा प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।








