दुर्ग। जिले के शिक्षक नगर क्षेत्र में बिटकॉइन में निवेश के नाम पर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्ग के शिक्षक नगर निवासी देवकी सोनकर ने 9 अप्रैल 2024 को सिटी कोतवाली थाना में लिखित शिकायत में बताया कि आरोपी पीलादास मानिकपुरी, निवासी चंगोराभाठा रायपुर, ने उन्हें बिटकॉइन में निवेश करने पर हर महीने 12 से 13 प्रतिशत तक अधिक लाभ देने का झांसा दिया था। आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए पीड़िता को प्रारंभ में कुछ रिटर्न भी दिया, जिससे विश्वास बढ़ गया। इसके बाद उसने अलग-अलग समय पर कुल 7 लाख 50 हजार रुपये नगद और यूपीआई के माध्यम से निवेश के नाम पर प्राप्त कर लिए। लेकिन बाद में आरोपी ने न तो मूल राशि लौटाई और न ही किसी प्रकार का लाभ दिया और संपर्क भी बंद कर दिया।
पीड़िता द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया और जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और उसकी लोकेशन रायपुर में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी पीलादास मानिकपुरी को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।









