Dhamtari: रोबोटिक्स से ड्रोन तक, विद्यार्थियों ने सीखी आधुनिक तकनीक

ओरेकल पब्लिक स्कूल में स्टेम रोबो हब इंडिया की व्यावहारिक कार्यशाला

धमतरी।  जिले के ओरेकल पब्लिक स्कूल धमतरी एवं भखारा के विद्यार्थियों के लिए स्टेम रोबो हब इंडिया द्वारा रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, इंटरनेट ऑफ थिंग्स, 3डी प्रिंटिंग, ड्रोन तकनीक एवं कोडिंग पर विशेष व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का संचालन संस्थापक श्री देवव्रत सिन्हा के मार्गदर्शन में डायरेक्टर श्री सौरभ अग्रवाल तथा प्राचार्य सोमन् साहू एवं  उपमा तिवारी के सहयोग से किया गया।

कार्यशाला में विद्यार्थियों ने 20 से अधिक प्रकार के रोबोट संचालित किए तथा रोबोट रेस, फुटबॉल सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। उन्होंने सेंसर, मोटर और माइक्रोकंट्रोलर की कार्यप्रणाली को समझने के साथ ब्लॉक कोडिंग के जरिए रोबोट को चलाना, नृत्य करना और बोलना सिखाया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ब्रेन रोबोट से संवाद तथा डॉग रोबोट का आवाज, रिमोट और मोबाइल से संचालन भी किया।

3डी प्रिंटिंग सत्र में विद्यार्थियों ने स्वयं डिजाइन तैयार कर विभिन्न उपयोगी वस्तुओं की प्रिंटिंग की और डिजाइन से उत्पाद तक की प्रक्रिया समझी। साथ ही ड्रोन के हिस्सों, डीआईवाई ड्रोन किट की असेंबली एवं संचालन का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। आर्डुइनो, सी प्लस प्लस और पाइथन प्रोग्रामिंग के माध्यम से स्मार्ट नोटिस बोर्ड, स्मार्ट स्विच बोर्ड, स्मार्ट डोर लॉक सहित विभिन्न परियोजनाओं का निर्माण एवं प्रदर्शन किया गया।

कार्यशाला ‘सीखो और करके देखो’ की अवधारणा पर आधारित रही। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान मिलने के साथ नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा मिला।
समापन अवसर पर  देवव्रत सिन्हा ने  सौरभ अग्रवाल एवं  उपमा तिवारी को 3डी प्रिंटेड श्री गणेश एवं  कृष्ण की प्रतिमा भेंट की। विद्यालय की ओर से श्री सिन्हा को श्रीफल एवं शॉल भेंट कर आभार व्यक्त किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी ऐसी तकनीकी कार्यशालाएं आयोजित करने की बात कही।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment