धमतरी। थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से सोने की चेन चोरी करने के मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के दो आरोपियों (पति-पत्नी) को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। आरोपियों से 17 ग्राम 110 मिलीग्राम 1 सोने की चेन जप्त किया गया।
जानकारी के अनुसार घड़ी चौक, शनि मंदिर के पास स्थित उनकी फर्म आमंत्रण ज्वेलर्स में रक्षाबंधन पर्व के दौरान 27.08.2026 की शाम को ग्राहकों की भारी भीड़ थी। उसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा खरीदारी करने के बहाने दुकान से एक नग जेंट्स सोने की चेन (वजन 17 ग्राम 110 मिलीग्राम, कीमती लगभग 2,20,000/-रूपये) चोरी कर ली गई। रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 207/2026, धारा 331(3), 305(A) बीएनएस (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान आज पेट्रोलिंग पार्टी को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आमा तालाब रोड, यादव भवन के पास दो संदिग्ध व्यक्ति सोने की चेन बेचने की फिराक में ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों निवासी सोलापुर (महाराष्ट्र) के रेखा चौहान एवं पृथ्वीराज चौहान को पकड़ा। आरोपियों के कब्जे से चोरी गई शत-प्रतिशत संपत्ति – 01 नग सोने की चेन (वजनी 17 ग्राम 110 मिलीग्राम, कीमती 2,20,000 रूपये) बरामद कर जब्त की गई। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।









