धमतरी । चौकी बिरेझर, थाना कुरूद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए ई-रिक्शा चालक से मोबाइल फोन झपटकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर छीना गया मोबाइल बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सोनपुर निवासी सागर शर्मा 7 अक्टूबर की रात्रि करीब 10 बजे सवारी छोड़कर अपने ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। इसी दौरान सोनपुर मोड़ के पास वाहन की गति धीमी होने पर एक व्यक्ति उसके हाथ से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। रिपोर्ट पर चौकी बिरेझर,थाना कुरूद द्वारा तत्काल चौकी में अपराध क्रमांक 344/2026, धारा 304(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरेझर पुलिस ने तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू की। विवेचना के दौरान संदेही जितेंद्र नवरंगे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर उसके कब्जे से प्रार्थी का छीना गया वीवो मोबाइल फोन गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र नवरंगे, को 09 अक्टूबर को गिरफ्तार कर जेएमएफसी न्यायालय, कुरूद में न्यायिक रिमांड हेतु प्रस्तुत किया।
आदतन आरोपी जितेन्द्र नवरंगे, पिता कोमल नवरंगे, उम्र 35 वर्ष का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड तैयार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना अर्जुनी एवं चौकी बिरेझर में मवेशी तस्करी, पशु क्रूरता, आर्म्स एक्ट, मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा सहित कुल 05 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें दो प्रकरणों में न्यायालय द्वारा निर्णय पारित किया जा चुका है, जबकि अन्य प्रकरण विचाराधीन हैं। आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर दो बार हमला किए जाने के मामले भी दर्ज हैं। आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसके विरुद्ध विस्तृत आपराधिक फाइल तैयार की जा रही है, ताकि नियमानुसार प्रभावी वैधानिक कार्यवाही की जा सके।








