रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में आठवीं कक्षा की एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आकांक्षा सेन के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर में पढ़ती थी। परिजनों का आरोप है कि स्कूल में शिक्षकों की डांट-फटकार और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने प्रताड़ना के आरोपों से इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार को स्कूल में किसी बात को लेकर शिक्षकों ने आकांक्षा को डांटा था। घर लौटने के बाद वह डरी हुई और गुमसुम थी। परिवार का आरोप है कि स्कूल में उसके साथ हुए व्यवहार से वह मानसिक तनाव में थी। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षकों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।









