धमतरी। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर दौरे के दौरान धमतरी पहुंचे. यहां उन्होंने शहर की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी यानी बिलाई माता के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. इस दौरान उनके हाथों में माता के लिए चुनरी और श्रृंगार सामग्री भी नजर आई.
मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद दीपक बैज ने कहा कि आज नवरात्र का पांचवां दिन यानी पंचमी है. ऐसे पावन अवसर पर धमतरी की आराध्य बिलाई माता के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है. उन्होंने माता से क्षेत्र में सुख-समृद्धि बनाए रखने और सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की. साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि माता का आशीर्वाद कांग्रेस को भी मिलेगा और वर्ष 2028 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी.
दीपक बैज ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की तैयारियों पर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि 2028 के चुनाव में अभी दो साल का समय बाकी है, लेकिन पार्टी की तैयारी बेहतर चल रही है. उनके मुताबिक प्रदेश में मौजूदा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस के पक्ष में जनादेश देगी.










