धमतरी: नवरात्र पर्व के दौरान छत्तीसगढ़ के धमतरी का अनोखा पंडाल आकर्षण का केंद्र बना है. जालमपुर स्थित बालवीर दुर्गा उत्सव समिति ने इस बार ऐसा पंडाल तैयार किया है, जहां श्रद्धालु एक ही स्थान पर अलग-अलग देशों और क्षेत्रों से जुड़े शक्तिपीठों की झांकी के दर्शन कर रहे हैं. आस्था, धार्मिक इतिहास और आकर्षक सजावट ने लोगों का मन मोह लिया है. पंडाल की विशेषता ऐसी है कि इसे देखने के लिए शहर ही नहीं, बल्कि दूर-दराज से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.
पंडाल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को शक्तिपीठों से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और माता सती की कथा की जानकारी मिलती है. इसके लिए प्रवेश द्वार के आसपास विशेष पोस्टर लगाए गए हैं. पूरे पंडाल को गुफानुमा स्वरूप दिया गया है, जिससे भीतर पहुंचते ही एक अलग तरह का आध्यात्मिक वातावरण महसूस होता है.
इसके बाद अलग-अलग देश में स्थित शक्तिपीठों की झांकी है. प्रत्येक शक्तिपीठ के ऊपर लगाए गए बैनर में उसके नाम, स्थान, धार्मिक महत्व और मान्यताओं का उल्लेख किया गया है, ताकि श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ इनके बारे में जानकारी भी प्राप्त कर सकें.










