महासमुंद @ मनीष सरवैया । बागबाहरा के बी.एल. ज्वेलर्स में चोरी करने वाले 2 अन्तर्राज्यीय चोर को 24 घंटे के भीतर पकड़ने में जिले की पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने चोरों को कोरबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की ज्वेलरी समेत कुल लगभग 3 लाख 50 हजार रुपए की सम्पत्ति बरामद किया है। संयुक्त कार्यवाही थाना बागबाहरा एवं सायबर सेल ने की। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है ।
मिली जानकारी के मुताबिक बी. एल. ज्वेलर्स बागबाहरा के संचालक जयकृष्ण सोनी ने अपने दुकान से 28 नग सोने के आभूषण, 5 नग चांदी के ताबीज को एक अज्ञात व्यक्ति के चोरी करने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। जिस पर पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर अज्ञात चोर की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान थाना एवं सायबर सेल की टीम ने दुकान एवं बागबाहरा के अन्य दुकानों में लगे सीसीटीव्ही कैमरा को चेक किया, जिसमें संदेही व्यक्ति का पता चलने पर उसका तलाश किया गया। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर संदेही मेंहदी हुसैन पिता साफुर हुसैन निवासी धोबीपारा थाना खरियार रोड जिला नुआपाडा (उडिसा) का पता करते एवं पीछा करते हुए संदेही एवं उसके साथी को कोरबा से पकड़कर थाना बागबाहरा में पूछताछ की। जिस पर दोनों आरोपियों ने ज्वेलरी दुकान में बुजुर्ग व्यक्ति को बातों में उलझाकर एवं ध्यान भटकाकर सोने एवं चांदी के आभूषणों को चोरी कर आपस में बांटना और अपने अपने हिस्से के आभूषणों को अपने अपने घर मे छुपाकर रखना कबूल कर लिया। वहीं दोनों मोटर सायकल क्रमांक OD 26 B 5036 में बैठ कर कोरबा जाने की जानकारी भी दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने का मंगलसुत्र 5 सेट, एक जोड़ी सोने की झुमका, एक नग सोने की अंगुठी, चार नग सोने की गेंहू दाना, चांदी का पायल 17 जोडी सोने की एरींग 4 जोड़ी, सोने की 3 नग डोरला, सोने की 05 नग नथनी, पांच नग चांदी की ताबिज, एक नग वन प्लस का मोबाइल और नकद 4000/ रूपए जब्त किया है।
सम्पूर्ण कार्यवाही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव, अनुविभागीय अधिकारी प्रतिभा चंद्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी बागबाहरा उनि स्वराज त्रिपाठी, सायबर सेल प्रभारी उनि नसीम उद्दीन खान, सउनि प्रकाश नंद, प्रधान आरक्षक गिरीश साहू,मिनेश ध्रुव,विक्रांत पांडे, आरक्षक मेहत्तर साहू, छत्रपाल सिन्हा, अभिषेक राजपूत,विकास चंद्राकर,संतोष सांवरा,राकेश कोसरिया, मुकेश चौधरी का विशेष योगदान रहा।




