Dhamtari: जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत 5 नवंबर को होगी जिला स्तरीय ‘जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता’

कक्षा 9वीं से महाविद्यालय स्तर तक के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग, दो श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता

विद्यार्थियों की सूची 4 नवंबर दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश

धमतरी। जनजातीय गौरव सप्ताह 2026 के आयोजन के तहत जिले में 5 नवंबर को जिला स्तरीय ‘जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, महान जनजातीय नायकों तथा उनके योगदान से परिचित कराना और जनजातीय गौरव के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

सहायक  आयुक्त आदिवासी विकास द्वारा जारी आदेशानुसार प्रतियोगिता का आयोजन ऑफलाइन माध्यम से किया जाएगा। इसमें जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों, पॉलिटेक्निक, आईटीआई तथा एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एवं विभिन्न छात्रावासों में अध्ययनरत विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे।

प्रतियोगिता दो श्रेणियों में आयोजित होगी। प्रथम श्रेणी में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के साथ एकलव्य, प्रयास, प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों के विद्यार्थी भाग लेंगे। वहीं द्वितीय श्रेणी में महाविद्यालयों में अध्ययनरत तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थी शामिल होंगे।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, समस्त शासकीय एवं अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के प्राचार्यों तथा छात्रावास अधीक्षकों को विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की जानकारी देने और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता में प्राप्त मेरिट के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता में सम्मिलित होने का अवसर मिलेगा।

संबंधित शिक्षण संस्थाओं को प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की सूची हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी में 4 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता के आयोजन स्थल एवं समय की सूचना पृथक से जारी की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन 11 से 18 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को रेखांकित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment