Dhamtari : बालको मेडिकल सेंटर, नवा रायपुर के साथ हुआ एमओयू, प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार और चौथे शुक्रवार को अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ मरीजों को  देंगे परामर्श

अब धमतरी में ही मिलेगी कैंसर विशेषज्ञों की निःशुल्क सलाह, हर माह लगेगी विशेष ओपीड

कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के लिए उसकी समय पर पहचान और उचित उपचार अत्यंत आवश्यक : कलेक्टर श्री मिश्रा

धमतरी। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान, उचित परामर्श और उपचार की दिशा में जिला अस्पताल धमतरी ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। जिला अस्पताल धमतरी और बाल्को मेडिकल सेंटर, नवा रायपुर के मध्य आज कैंसर की प्रारंभिक जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श के लिए निःशुल्क ओपीडी संचालन हेतु समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल से जिले के नागरिकों को अब अपने ही जिला अस्पताल में नियमित रूप से कैंसर विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध होंगी।
कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा ने कहा कि राज्य शासन प्राथमिकता है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाने के लिए उसकी समय पर पहचान और उचित उपचार अत्यंत आवश्यक है। जिला अस्पताल में बालको मेडिकल सेंटर के विशेषज्ञों की निःशुल्क ओपीडी शुरू होने से जिले के मरीजों को अपने ही जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं प्रारंभिक जांच की सुविधा मिलेगी। इससे विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को लाभ होगा।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। इस दिशा में शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों और विशेषज्ञ चिकित्सा संस्थानों के बीच समन्वय को और मजबूत किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल सके।
सिविल सर्जन डॉ. आदित्य सिन्हा ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत बाल्को मेडिकल सेंटर के अनुभवी कैंसर विशेषज्ञ प्रत्येक माह दो निर्धारित दिवसों पर जिला अस्पताल में अपनी सेवाएं देंगे। प्रथम व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक माह के दूसरे मंगलवार को डॉ. अभिनव अशोक इंगले, एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट एवं विभागाध्यक्ष (रेडिएशन विभाग) तथा प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद पटेल, एमडी रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट मरीजों को परामर्श देंगे। ओपीडी में कैंसर के संभावित लक्षणों वाले तथा जांच की आवश्यकता महसूस करने वाले मरीजों की स्क्रीनिंग कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय सलाह प्रदान की जाएगी।
इस पहल का प्रमुख उद्देश्य कैंसर के लक्षणों की समय रहते पहचान करना, मरीजों को सही चिकित्सकीय मार्गदर्शन देना तथा आवश्यकता के अनुसार आगे की जांच और उपचार के लिए उचित संस्थान तक पहुंच सुनिश्चित करना है। इससे मरीजों एवं उनके परिजनों को प्रारंभिक विशेषज्ञ परामर्श के लिए रायपुर जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।
उल्लेखनीय है कि बालको मेडिकल सेंटर, वेदांता मेडिकल रिसर्च फाउंडेशन की प्रमुख स्वास्थ्य पहल है। नवा रायपुर स्थित यह 170 बिस्तरों वाला अत्याधुनिक तृतीयक कैंसर उपचार संस्थान है, जहां कैंसर की रोकथाम, जांच एवं उपचार के क्षेत्र में विशेष सेवाएं प्रदान की जाती हैं।
जिला अस्पताल और बालको मेडिकल सेंटर के बीच यह सहयोग जिले में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर स्क्रीनिंग को प्रोत्साहित करने और गुणवत्तापूर्ण विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment