नगरी एवं मगरलोड में 1.46 लाख रूपये के अवैध पटाखे जब्त, बिरेझर में अवैध शराब बेचते आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के कारोबार तथा बिना वैध लाइसेंस पटाखों के भंडारण एवं विक्रय पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। त्योहारी सीजन में आम नागरिकों की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना नगरी, थाना मगरलोड एवं चौकी बिरेझर पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 03 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम फरसिया में घर स्थित दुकान में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण एवं विक्रय किए जाने की सूचना पर निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से आरोपी उदित नारायण सिन्हा के पास से विभिन्न कंपनियों के लगभग 1,30,000 रूपये मूल्य के पटाखे जब्त किए गए। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 82/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।
इसी प्रकार थाना मगरलोड पुलिस ने भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में दबिश देकर आरोपी भानूप्रताप साहू के पास से एक कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के 16,500 रूपये मूल्य के अवैध पटाखे बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 221/2026, धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम 1884 के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई है।

अवैध शराब बिक्री करते आरोपी गिरफ्तार
बिरेझर पुलिस ने ग्राम कंचना नाला पुल के पास अवैध रूप से देसी शराब बेचते आरोपी प्रेम कुमार चतुर्वेदी को पकड़ा। आरोपी के पास से 11 पौवा देसी शराब जब्त किया गया। जिसकी कीमत 1,100 रूपये बताई जा रही है। साथ ही बिक्री रकम 150 रूपये भी जब्त किया गया । आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई है।

 

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment