धमतरी। जिले के ग्राम खरेंगा में रेत खदान से मानव कंकाल मिला है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में खलबली मचा दी है। ग्रामीणों ने वर्षों पुराने पारंपरिक श्मशान स्थल पर रेत माफिया द्वारा अवैध उत्खनन करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद खनिज विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
जानकारी के अनुसार जब खदान में ट्रैक्टर चालक सामान्य रूप से रेत निकाल रहे थे। इस दौरान खुदाई बढ़ने पर मिट्टी और रेत के बीच दबा मानव कंकाल अचानक बाहर निकल आया। कंकाल दिखते ही मजदूरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई और यह खबर पूरे गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुँचकर स्थिति को देखने लगे। ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान से कंकाल मिला है वह गांव का पुराना पारंपरिक श्मशान घाट है, जहाँ वर्षों तक शव दफनाए जाते रहे हैं। इसके बावजूद यहाँ भारी मशीनों से उत्खनन किया जा रहा था, जो पूरी तरह निषिद्ध क्षेत्र है।
प्रशासन और खनिज विभाग पर ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन लंबे समय से चल रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने कभी सख्त कार्रवाई नहीं की। लोगों ने आरोप लगाया कि रात-दिन पोकलेन मशीनों से गहरी खुदाई होती रही और खनिज विभाग ने या तो अनदेखी की या फिर मिलीभगत से आँखें मूंद लीं। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि इससे पहले भी नदी किनारे खुदाई के दौरान मानव अवशेष मिले थे, लेकिन तब भी किसी स्तर पर गंभीरता नहीं दिखाई गई।








