Dhamtari : फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण प्रारंभ

12 नवंबर से 11 दिसंबर तक प्राप्त किए जाएंगे नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन के लिए दावा-आपत्ति

धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों सिहावा (अ.ज.जा.), 57-कुरूद एवं 58-धमतरी में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के तहत प्रारंभ हो गया है। इसके अंतर्गत आज 12 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया गया। मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम विलोपित करने तथा प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केन्द्रों में दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

जिले में वर्तमान में कुल 6 लाख 11 हजार 193 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3 लाख 1 हजार 405 पुरुष, 3 लाख 9 हजार 783 महिला तथा 5 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 816 मतदान केन्द्र हैं।

मतदाताओं की सुविधा के लिए 7 मतदान केन्द्र बनाये गए

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की पूर्व तैयारियों के तहत मतदाताओं की सुविधा, मतदान केन्द्र भवनों की जर्जर स्थिति तथा भवनों के नाम परिवर्तन सहित अन्य आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मतदान केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। इसके अंतर्गत जिले में 7 नए मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 3 मतदान केन्द्रों में भवन परिवर्तन, 1 में स्थल परिवर्तन, 4 मतदान केन्द्रों के नाम परिवर्तन तथा 2 अनुभागों में परिवर्तन की कार्यवाही की गई है। तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों की युक्तियुक्तकरण के बाद अंतिम सूची का निर्धारित प्रारूप-6 में 2 नवंबर 2026 को प्रकाशन कर जिले की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है।

18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवाओं को मिलेगा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का अवसर

ऐसे भारतीय नागरिक, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं अथवा इससे अधिक आयु के हैं और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही मृत मतदाताओं तथा विवाह या अन्य कारणों से संबंधित मतदान केन्द्र की भौगोलिक सीमा से बाहर स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम विलोपित करने की कार्यवाही भी की जाएगी।

मतदाता सूची में नाम, रिश्ते, उम्र, उपनाम एवं जन्मतिथि जैसी प्रविष्टियों में त्रुटि होने अथवा अस्पष्ट फोटो होने पर निर्धारित प्रारूप-8 के माध्यम से संशोधन कराया जा सकता है। इसी तरह एक मतदान केन्द्र से दूसरे मतदान केन्द्र की सीमा में निवास स्थान परिवर्तित करने वाले मतदाता भी अपना पता एवं मतदान केन्द्र संबंधी विवरण अद्यतन करा सकते हैं।

28 दिसंबर तक होगा दावा-आपत्तियों का निराकरण, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक सभी मतदान केन्द्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं अभिहित अधिकारियों द्वारा आवेदन और दावा-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा मौके पर सत्यापन किया जाएगा तथा दावा-आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक पूर्ण किया जाएगा। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जनवरी 2027 को फोटोयुक्त मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

वर्ष 2027 की आगामी अर्हता तिथियों के लिए भी कर सकेंगे अग्रिम आवेदन

निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई विशेष सुविधा के तहत पुनरीक्षण अवधि में 1 अप्रैल, 1 जुलाई एवं 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवाओं से भी अग्रिम आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। ऐसे आवेदकों के नाम संबंधित अर्हता तिथि के अनुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाएं। पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, दर्ज प्रविष्टियों में त्रुटियों का संशोधन कराने तथा मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपित कराने के लिए निर्धारित अवधि में आवश्यक आवेदन प्रस्तुत करें। साथ ही नागरिक अपने परिवार एवं आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment