दो कारों सहित 72.45 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 131.668 किलो गांजा जब्त किया है। साथ ही 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त माल की कीमत 60 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 2 कारों को भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। वे दो कारों में गांजा भरकर ओडिशा से महाराष्ट्र जा रहे थे। इसी दौरान अर्जुनी थाना और साइबर सेल की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी का खुलासा किया। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों कारों को रोका और तलाशी के दौरान करीब 131.668 किलो गांजा बरामद किया। इसके बाद आरोपियों कुंदन उर्फ सचिन कैलाश ईगेडे, रामेश्वर सालिक राम दांडगे, राबिनसन लॉरेंस फर्नांडिस, लखन गुलाब बेलदार, गणेश विजय पाटिल को गिरफ्तार कर लिया गया।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।







