स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं करने पर ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दोनों इकाइयों से 32,878 क्विंटल धान और 1,425 क्विंटल चावल जब्त

राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने भोयना स्थित दोनों राइस मिलों का किया निरीक्षण, कस्टम मिलिंग आदेश के तहत हुई कार्रवाई

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है। इस दौरान धान के अवैध भंडारण एवं अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और जांच की जा रही है।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार आज 16 नवंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज एवं ए.के. राइस इंडस्ट्रीज यूनिट-2 का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों इकाइयों में भंडारित खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया गया।
अनुविभागीय अधिकारी डॉ. कल्पना ध्रुव ने बताया कि जांच के दौरान फर्म के संचालक श्री अकील अहमद खान मौके पर अनुपस्थित पाए गए। वहीं, उपस्थित मुंशी श्री सोहेल रजा द्वारा फर्म में भंडारित धान एवं चावल से संबंधित स्टॉक पंजी जांच दल के समक्ष प्रस्तुत नहीं की गई। स्टॉक पंजी उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण दोनों राइस मिलों में भंडारित खाद्यान्न का नियमानुसार सत्यापन किया गया। इस दौरान कुल 32,878 क्विंटल धान( 80,000 कट्टा ) एवं 1,425 क्विंटल चावल पाया गया। जांच दल ने उक्त संपूर्ण खाद्यान्न को जब्त कर मौके पर उपस्थित मुंशी श्री सोहेल रजा की सुपुर्दगी में दिया।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में उक्त दोनों फर्मों द्वारा कस्टम मिलिंग के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 का चावल जमा करने का कार्य किया जा रहा है। जांच के दौरान स्टॉक पंजी प्रस्तुत नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा भंडारण एवं कस्टम मिलिंग से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment