धमतरी।सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आमजन की मांगों एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण हेतु आज विकासखंड मगरलोड के ग्राम पंचायत राजपुर में क्लस्टर स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाया गया।
राजपुर क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत राजपुर, झाझरकेरा, बोरसी, भोथा, लड़ेर, पाहंदा, सोनेवारा, सरगी, डाभा, करेली छोटी, छिपली, मोहंदी, बेलोरा एवं सोनपैरी को शामिल किया गया। शिविर में कुल 872 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 869 मांग संबंधी एवं 03 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। प्राप्त आवेदनों में से 601 मांग एवं 02 शिकायत सहित कुल 603 आवेदनों का तत्काल निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के निराकरण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को उनके आवेदनों की स्थिति एवं निराकरण की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।
समाधान शिविर में जनपद पंचायत मगरलोड के अध्यक्ष विरेन्द्र कुमार साहू, सहकारिता सभापति कृष्णा कुमार ध्रुव, जनपद सदस्य कविता सिन्हा, विनीत बाफना, दुर्गेशनंदनी, पूर्व उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड कोमल यदु, भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय यदु, पूर्व जिला पंचायत सदस्य खुबलाल ध्रुव, मगरलोड मंडल अध्यक्ष रोहित मोहन साहू सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मगरलोड ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्राप्त मांग एवं शिकायतों के निराकरण की जानकारी ली तथा आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को स्वीकृति आदेश एवं सामग्री का वितरण भी किया गया। जनपद पंचायत मगरलोड द्वारा 05 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग द्वारा 01 दिव्यांग हितग्राही को ट्राईसिकल प्रदान किया गया। श्रम विभाग द्वारा 04 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा 65 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर सिकल सेल, बीपी, शुगर, सर्दी-बुखार एवं कमजोरी संबंधी जांच की गई। साथ ही 05 हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। शिविर में 15 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए तथा 05 लोगों का आधार अपडेट एवं 02 नवीन आधार कार्ड बनाए गए।
समाधान शिविर में ग्रामीणों ने शासन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव स्तर पर शिविर आयोजित होने से उन्हें विभिन्न विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सहज रूप से प्राप्त हो रहा है। प्रशासन द्वारा त्वरित निराकरण एवं जनसुनवाई की इस पहल से ग्रामीणों में संतोष एवं विश्वास का वातावरण दिखाई दिया।









