धमतरी…. ड्राइवर महासंगठन के आंदोलन के बाद तीन मांगों में से एक मांग पर सरकार की सहमति मिल गई है. इसकी जानकारी मिलते ही ड्राइवर संगठन में खुशी की लहर दौड़ गई. इसी खुशी का इजहार करने मंगलवार को धमतरी में ड्राइवर महासंगठन ने भव्य बाइक रैली निकाली.
डीजे की धुन, नाचते-गाते सदस्य और एक-दूसरे को बधाई देते ड्राइवरों का उत्साह देखते ही बन रहा था. कई किलोमीटर तक निकली इस रैली में बड़ी संख्या में संगठन के सदस्य शामिल हुए. हालांकि, संगठन ने साफ कर दिया है कि उनकी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. बाकी दो मांगों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार को 15 दिन का समय दिया गया है. तय समय में मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है.
ड्राइवर महासंगठन अपनी तीन प्रमुख मांगों को लेकर स्टेयरिंग छोड़ आंदोलन कर रहा था. धमतरी जिले के भी चिटौद में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी था जहां धमतरी और बालोद जिले के ड्राइवरों ने एकजुट होकर सड़क पर उतरकर अपनी आवाज बुलंद की थी. आंदोलन के दौरान बसों और मालवाहक वाहनों को रोककर चालकों से समर्थन देने की अपील भी की गई.







