झींगा पालन से जशपुर के मत्स्य कृषकों को मिलेगा दोहरा लाभ

40 अनुसूचित जनजाति हितग्राहियों को झींगा बीज वितरित, 25 हेक्टेयर में होगा एकीकृत पालन

प्रति हेक्टेयर लागत पर 60 प्रतिशत अनुदान, 3.32 से 5.32 लाख रुपये तक लाभ की संभावना

रायपुर। जशपुर जिले में मत्स्य पालन को अधिक लाभकारी और रोजगारपरक बनाने के लिए पारंपरिक मछली पालन के साथ आधुनिक तकनीक आधारित झींगा पालन को बढ़ावा दिया जा रहा है। उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर मत्स्य कृषकों की आय बढ़ाने और उनकी आजीविका मजबूत करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है।

 

झींगा पालन से जशपुर के मत्स्य कृषकों को मिलेगा दोहरा लाभ

योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों से निजी और पट्टे पर प्राप्त तालाबों में मत्स्य पालन करने वाले अनुसूचित जनजाति वर्ग के 40 हितग्राहियों का चयन किया गया है। इनके तालाबों में कुल 25 हेक्टेयर क्षेत्र पर मछली और झींगा का एकीकृत पालन (पॉलीकल्चर) किया जाएगा।

इस संबंध में 23 नवंबर को मत्स्य बीज प्रक्षेत्र बाघिमा, जशपुर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मत्स्य कृषकों को झींगा पालन की आधुनिक तकनीक, तालाब प्रबंधन, बीज संचयन और उत्पादन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में चयनित हितग्राहियों को झींगा बीज भी वितरित किया गया।

योजना के अंतर्गत झींगा पालन के लिए प्रति हेक्टेयर लागत पर विभाग की ओर से 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इससे कृषक कतला और रोहू जैसी प्रमुख मछली प्रजातियों के साथ मीठे पानी में झींगा पालन कर सकेंगे। झींगा की बाजार में अच्छी मांग और अपेक्षाकृत अधिक मूल्य के कारण एक ही तालाब से दो तरह के मत्स्य उत्पाद प्राप्त होंगे।

विभागीय आकलन के अनुसार, इस पद्धति से मत्स्य कृषक प्रति हेक्टेयर लगभग 3.32 लाख से 5.32 लाख रुपये तक लाभ अर्जित कर सकते हैं। योजना से मत्स्य पालन की उत्पादकता और आर्थिक लाभ बढ़ने के साथ जनजातीय कृषकों के लिए अतिरिक्त आय, स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर सृजित होंगे।

Hamar Dhamtari
Author: Hamar Dhamtari

Leave a Comment