धमतरी। टिकरापारा धमतरी में घर में घुसकर तलवार और डंडों से जानलेवा धमकी देने वाले 4 आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक तलवार एवं लकड़ी के डंडे भी जब्त किए गए हैं। जान से मारने की धमकी देने तथा दहशत फैलाने के मामले में चार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
टिकरापारा धमतरी से प्रार्थिया द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 21 अक्टूबर 2026 की रात्रि लगभग 10:30 बजे वह अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान 10 से 12 व्यक्ति तलवार, बेसबॉल स्टिक एवं लाठी-डंडे लेकर जोर-जोर से दरवाजा धक्का देते हुए उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने प्रार्थिया के भाई निखिल के संबंध में पूछताछ करते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने प्रार्थिया का गला भी पकड़ लिया।
प्रार्थिया किसी तरह स्वयं को छुड़ाकर अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पीछा करते हुए पहुंच गए और घर में घुसकर उसकी मां को धक्का देते हुए हथियार लहराकर भय एवं दहशत का माहौल निर्मित करने लगे। बीच-बचाव किए जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3), 331(6) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपियों की पतासाजी कर त्वरित कार्यवाही की गई। विवेचना के दौरान 25 नवंबर 2026 को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी राहुल मसीह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार तथा अन्य आरोपी अविनाश मसीह, भोला यादव एवं शुभम नेताम के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों राहुल मसीह, भोला शंकर यादव उर्फ सागर यादव, शालेम मसीह उर्फ अविनाश मसीह, शुभम नेताम को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) न्यायालय, धमतरी के समक्ष पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।







