योजना से 151 हेक्टेयर क्षेत्र में मिलेगी सिंचाई सुविधा
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन जल संसाधन विभाग ने सूरजपुर जिले के विकासखण्ड रामानुजनगर की कृष्णपुर जलाशय योजना के नवीनीकरण कार्य के लिए 2 करोड़ 73 लाख 29 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। योजना के प्रस्तावित कार्यों के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के किसानों को कुल 151 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे खरीफ और रबी फसलों का रकबा बढ़ेगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
जल संसाधन विभाग ने योजना के कार्यों के लिए मुख्य अभियंता, हसदेव गंगा कछार, जल संसाधन विभाग, अंबिकापुर को प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। विभाग ने कार्य को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। कृष्णपुर जलाशय के नवीनीकरण कार्य से क्षेत्र में जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और भू-जल स्तर में भी सुधार होगा।









