प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहा रुझान

SHARE:

रायपुर…. प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार उत्साह और सहभागिता बढ़ रही है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से ग्रामीण परिवार सौर ऊर्जा अपनाकर आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

राजनांदगांव विकासखंड के आदर्श ग्राम पंचायत भोथीपार खुर्द के सरपंच  जितेंद्र साहू ने योजना से प्रेरित होकर अपने निवास पर 3 किलोवॉट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया है। सोलर प्लांट स्थापना के उपरांत उनका मासिक विद्युत बिल शून्य हो गया है। पूर्व में उनके घर का बिजली बिल प्रतिमाह लगभग 1200 से 1500 रुपये तक आता था, जिससे अब पूर्णतः मुक्ति मिल गई है। अतिरिक्त विद्युत उत्पादन होने पर उसकी राशि भी नियमानुसार प्रदान की जाएगी।

सरपंच श्री साहू ने बताया कि सोलर प्लांट स्थापना में लगभग 2 लाख रुपये की लागत आई। योजना अंतर्गत केंद्र सरकार से 78 हजार रुपये तथा राज्य शासन से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई। इस प्रकार कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का अनुदान मिला। शेष राशि हेतु बैंक वित्त सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जो सरल एवं सुलभ किश्तों में स्वीकृत हुई। श्री साहू न केवल स्वयं योजना से लाभान्वित हुए हैं, बल्कि ग्राम स्तर पर अभियान चलाकर अन्य ग्रामीणों को भी रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उनके प्रयासों से ग्राम के अनेक परिवार सौर ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस योजना से बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या में भी कमी आई है तथा ऊर्जा आपूर्ति अधिक स्थिर और विश्वसनीय हुई है।

सरपंच जितेंद्र साहू ने योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण अंचलों में ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है।

Join us on:

Leave a Comment