युवाओं के सकारात्मक विचार से बदलेगा देश का भविष्य : प्रभारी मंत्री  टंकराम वर्मा

SHARE:

बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय का वार्षिक स्नेह सम्मेलन सम्पन्न

धमतरी…. बाबू छोटे लाल श्रीवास्तव स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में आज वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में शिक्षा और स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास की नींव है और आज का युवा वर्ग प्रतिभाशाली होने के साथ-साथ नई तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर स्वयं को श्रेष्ठ स्थानों पर स्थापित कर रहा है।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि जीवन में एक सकारात्मक विचार व्यक्ति का पूरा जीवन बदल सकता है। विचार ही सामान्य व्यक्ति को महान बनाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे नकारात्मकता से दूरी बनाकर सकारात्मक सोच को अपनाएं और देश तथा समाज के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घोषणाओं पर नहीं, बल्कि कार्य पर विश्वास करती है। इस अवसर पर मंत्री श्री वर्मा ने विद्यार्थियों की मांग पर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकगायक लक्ष्मण मस्तुरिया का मनमोहक गीत भी प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित जनों ने जमकर सराहना की। इस मौके पर मंत्री श्री वर्मा ने स्टॉल का निरीक्षण किया और स्मृति चिन्ह भी भेंट किए।
कार्यक्रम में महापौर  रामू रोहरा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि धमतरी विधानसभा क्षेत्र में बीते दो वर्षों में लगभग 250 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनमें 500 सीटर नालंदा परिसर, विधि विभाग भवन, हाईटेक बस स्टैंड, प्रमुख सड़कों का मुख्य मार्ग से जोड़ने का कार्य, ऑडिटोरियम, इंडोर स्टेडियम, विद्युत स्टेशन तथा सिहावा चौक से कोलियरी और रत्नाबांधा चौक से मुजगहन तक सड़क चौड़ीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों का शीघ्र शुभारंभ किया जाएगा तथा अप्रैल माह से ट्रेन सुविधा भी प्रारंभ होने की संभावना है।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य  विनोद पाठक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में महाविद्यालय की उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी।

Join us on:

Leave a Comment