धमतरी। नवागांव के मोती वस्त्रालय में हुई चोरी का खुलासा किया। चोरी के इस मामले में धमतरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मध्यप्रदेश से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के लाखों का माल एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया। तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार सोहन लाल पाल ने 13 मार्च को ग्राम नवागांव शासकीय स्कूल के सामने मोती वस्त्रालय से अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 1,37,000 रूपये मूल्य के कपड़े एवं नगदी चोरी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी करेलीबड़ी, थाना मगरलोड ने तत्काल अपराध क्रमांक 46/2026 धारा 331(4), 305(ए), 3(5) BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की । जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध महिंद्रा बोलेरो पिकअप (RJ 20 GC 0653) की पहचान की। वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर की ट्रेसिंग के आधार पर टीम को मध्यप्रदेश में लोकेशन मिलने पर तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई। पुलिस टीम ने आष्टा, जिला सीहोर (म.प्र.) में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को पकड़ा गया, जिसमें तीन आरोपी सवार विकम बागडी ग्राम बाछीहेरा थाना कनवास जिला कोटा (राजस्थान), बबलु बागड़ी निवासी ग्राम अंता थाना अंता जिला बारां (राजस्थान) और रोहित बागडी ग्राम तलवाड़ा पुलिस लाईन के पास मोग्या बस्ती थाना बारां जिला बारां (राजस्थान) पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने छत्तीसगढ़ में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए कपड़ों से भरी 6 बोरी, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन RJ 20 GC 0653, लोहे का सब्बल एवं बबूल लकड़ी का कुंदा बरामद किया। साथ ही आरोपियों द्वारा चोरी की गई कुछ साड़ियां अपने परिचितों को बांटने की बात भी स्वीकार की। आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।




