लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में रोजगार मेले का सफल आयोजन,  74 युवाओं का हुआ प्राथमिक चयन

SHARE:

धमतरी। कलेक्टर  अबिनाश मिश्रा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में आज लाईवलीहुड कॉलेज धमतरी में जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए एक दिवसीय रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा की मंशा के अनुरूप स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित संस्थाओं में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस मेले में जिला रोजगार एवं मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी के पंजीकृत 12 प्रतिष्ठित नियोक्ता संस्थाएं सम्मिलित हुईं।
इस अवसर पर एस.बी.आई. लाईफ इन्शोरेंश धमतरी, एयरटेल पेमेंट बैंक धमतरी, रैण्डस्टेण्ड इंडिया प्रा. लि. चेन्नई, सुमीत बाजार धमतरी, सेफ इंटेलिजेंट सिक्यूरिटी सर्विस लि. भिलाई, एस.पी.डी.जे. मिडिया प्रा. लि. धमतरी, फायर सेफ्टी डिजास्टर एण्ड मेनेजमेंट दुर्ग, पुस्कल एग्रोटेक लि. धमतरी, स्वतंत्र माईक्रो फाइनेंस प्रा. लि. रायपुर, सी.जी. सिक्यूरिटी धमतरी, एस.आई.एस. सिक्यूरिटी प्रा. लि., अलर्ट एस.जी.एस. प्रा. लि. रायपुर और टैगों सिक्यूरिटी सर्विस प्रा. लि. रायपुर जैसी प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रोजगार मेले में जिले भर से कुल 103 बेरोजगार युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया। नियोक्ताओं द्वारा शैक्षणिक योग्यता और साक्षात्कार के आधार पर युवाओं का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया, जिसके उपरांत कुल 74 युवाओं का विभिन्न पदों के लिए प्राथमिक चयन किया गया है। कलेक्टर श्री मिश्रा के इस पहल से जिले के चयनित युवाओं के लिए स्वावलंबन और उज्ज्वल भविष्य के द्वार खुले हैं। जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी युवाओं के कौशल विकास और रोजगार हेतु इस तरह के निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है।

Join us on:

Leave a Comment