प्रदेश व जिला पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ कार्यकारिणी का विस्तार,रेस्ट हाउस में संपन्न हुई बैठक
कुरूद…. श्रमजीवी पत्रकार संघ की मजबूती और पत्रकारों के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ रविवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में ब्लॉक इकाई का गठन किया गया। प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में सर्वसम्मति से श्रवण साहू को कुरुद ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया।
बैठक के दौरान संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जिसमें अनुभवी पत्रकारों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिसमें संरक्षक बसंत ध्रुव, सलाहकार अश्विन ठोकने एवं गोकुलेश सिन्हा, उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, महासचिव पामेश देवांगन, सहसचिव थानेश्वर साहू, कोषाध्यक्ष सतीश शर्मा, मीडिया प्रभारी सूरज सिन्हा को बनाया गया।नवनियुक्त पदाधिकारियों को प्रदेश सचिव गोपी कश्यप और जिला प्रभारी ललित साहू ने बधाई देते हुए कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों की समस्याओं का समाधान करना और पत्रकारिता के गिरते स्तर को बचाना है। जिला अध्यक्ष रूपेश साहू ने उम्मीद जताई कि नई टीम क्षेत्र के पत्रकारों को एक सूत्र में पिरोने का काम करेगी।
कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष श्रवण साहू ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की गरिमा के अनुरूप कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करते हैं। हम सुनिश्चित करेंगे कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को न केवल प्रमुखता से उठाया जाए, बल्कि उनके निराकरण के लिए भी सामूहिक प्रयास किए जाएं। संगठन के माध्यम से पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने सभी वरिष्ठों से मार्गदर्शन और युवा साथियों से सक्रिय सहयोग की अपील की। इस अवसर पर घनश्याम साहू, सीपी सिन्हा, चुनेश साहू, दिलीप साहू सहित मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।



