युवा जोश और संगीत का संगम: दायरा बैंड ने समापन दिवस को बनाया यादगार

SHARE:

धमतरी।  जिले के पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय “युवा फेस्ट-2026” का समापन आज उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। अंतिम दिवस का मुख्य आकर्षण “दायरा बैंड (जादू बस्तर)” की मनमोहक प्रस्तुति रही, जिसने लोक और आधुनिक संगीत के अद्भुत संगम से पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। छत्तीसगढ़ी लोकधुनों, जनजातीय लयों और समकालीन फ्यूजन की प्रस्तुति पर युवा ही नहीं, बल्कि सभी आयु वर्ग के दर्शक झूमते नजर आए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व एवं जिला प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “युवा फेस्ट जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और नवाचार क्षमता को भी प्रोत्साहित करते हैं। आज के युवा ही विकसित भारत के आधार स्तंभ हैं।” उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा युवाओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। साथ ही उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान पर जोर दिया।

मंत्री श्री वर्मा ने सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम को महापौर नगर निगम श्री रामू रोहरा ने भी संबोधित किया और युवाओं को अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल एवं नवाचार से जुड़ी कुल 23 प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीजी कॉलेज को रनिंग ट्रॉफी प्रदान की गई।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि “युवा फेस्ट-2026” का उद्देश्य युवाओं को एक ऐसा सशक्त मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी बहुआयामी प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट, आर्ट एवं क्राफ्ट तथा लोक संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिले और वे अपने कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र निर्माण में करें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षा विभाग, महाविद्यालय प्रशासन एवं स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

समापन अवसर पर दायरा बैंड की ऊर्जावान प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया। ताल, सुर और लोकधुनों के संगम ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। इस प्रकार “युवा फेस्ट-2026” का समापन यादगार और प्रेरणादायक रहा, जिसने जिले के युवाओं में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।

Join us on:

Leave a Comment