धमतरी। छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई ने मंगलवार को राजीव भवन धमतरी में बैठक का आयोजन किया । इस दौरान जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव नहीं होने से छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और उनकी समस्याओं को उचित मंच नहीं मिल रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में छात्र-छात्राएं फीस वृद्धि, छात्रवृत्ति में देरी, शिक्षकों की कमी, मूलभूत सुविधाओं का आभाव और परीक्षा परिणामों में अनियमितता जैसी गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं।
जिला अध्यक्ष राजा देवांगन ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि छात्रों के अधिकार, प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। चुनाव बहाली से ही छात्र अपनी समस्याओं को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों की रुपरेखा भी तय की गई। संगठन ने निर्णय लिया है कि 30 मार्च को प्रदेश भर के महाविद्यालयों में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का घेराव किया जाएगा, वहीं 16 से 20 अप्रैल के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर यश दुबे, नमन बंजारे, प्रीतम सिन्हा, तेजप्रताप साहू, लिकेश साहू, रोशन वन्दे, सुदीप सिन्हा और नोमेश सिन्हा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




