प्रदीप साहू @ नगरी। स्वतंत्रता दिवस के पूर्व छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। नगरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत सांकरा में तिरंगा यात्रा निकालकर कार्यक्रम मनाया गया।
ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने सरपंच, पंचगण, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए। सभी ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारे लगाए। तिरंगा यात्रा ग्राम पंचायत से लेकर नंदी चौक तक निकाली गई।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि सरपंच नागेंद्र बोरझा ने कहा कि “तिरंगा हमारी आन-बान-शान है। हर नागरिक को देश की एकता और अखंडता के लिए काम करना चाहिए। तिरंगे का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है।”
इस अवसर पर महिलाओं और युवाओं की सहभागिता विशेष रूप से देखने को मिली। ग्रामीणों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश दिया।
पंचायत सचिव और अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया और लोगों को राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील किया।






