प्रदीप साहू @ नगरी । दानवीर भामाशाह जयंती के पावन अवसर पर तहसील साहू समाज नगरी द्वारा स्थानीय साहू सदन, नगरी में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। समाजसेवा एवं मानवता के प्रति समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए जीवनदान देने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात रक्तदान शिविर की शुरुआत हुई, जिसमें सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। शिविर स्थल पर सुव्यवस्थित व्यवस्था के साथ पंजीयन काउंटर, स्वास्थ्य परीक्षण कक्ष एवं रक्त संग्रह केंद्र बनाए गए थे। जिला चिकित्सालय धमतरी की विशेषज्ञ टीम द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से रक्त संग्रह किया गया।
युवाओं में दिखा अभूतपूर्व उत्साह
शिविर में युवाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने को मिला। कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया और इसे एक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में निभाया। वहीं, कुछ अनुभवी रक्तदाताओं ने नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प भी दोहराया। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं होता, क्योंकि इससे किसी जरूरतमंद को नया जीवन मिल सकता है।
सम्मान एवं जागरूकता
आयोजन समिति द्वारा सभी रक्तदाताओं को सम्मान स्वरूप उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही, रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से लोगों को इसके महत्व एवं लाभों की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में रक्त की आवश्यकता निरंतर बनी रहती है, ऐसे में इस तरह के शिविर समाज के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं।
इनका रहा विशेष सहयोग
इस गरिमामयी आयोजन को सफल बनाने में युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष भूपेंद्र साहू, सचिव योगेश साहू और उपाध्यक्ष रोशन साहू ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही आयोजन की तैयारी में चन्द्रभान साहू, दिपेश साहू, विकास साहू, दीपक साहू, पुनेश्वर साहू, लक्ष्मीकांत साहू, थानसिंग साहू, तुकेशवर साहू एवं योगेश साहू आदि जुटे रहे।
रक्तदान शिविर में आरू साहू (लोक गायिका), वाशु कंप्यूटर नगरी, संतोष ज्वेलर्स नगरी, रूप नारायण साहू (जीएसटी सलाहकार), मुकेश साहू (संतोष ज्वेलर्स सांकरा), स्वास्तिक पैथोलॉजी नगरी, संजीवनी मेडिकोज नगरी, योनेश मेडिकल नगरी, श्रेया फ्लेक्स नगरी, रूपेन्द्र साहू, खेमेंद्र साहू (देवपुर), प्रशांत साहू (सब्जी बाड़ी) एवं तहसील साहू समाज नगरी सिहावा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ।
आयोजक समिति ने अंत में सभी सहयोगियों, चिकित्सकीय टीम, स्वयंसेवकों एवं रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



