रायपुर। राजधानी रायपुर में जिंदा पैंगोलिन के साथ 2 तस्करों को पकड़ने में वन विभाग को सफलता मिली है। दरअसल तस्कर 50 करोड़ रुपए में पैंगोलिन का सौदा करने के लिए रायपुर लेकर आए थे।
मिली जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर से पैंगोलिन तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वन विभाग की स्पेशल टीम ने भाटागाँव में मौजूद आरोपियों से ग्राहक बन संपर्क कर सौदा किया। इसके बाद पैंगोलिन के साथ आरोपियों को पकड़ा गया. वन विभाग की टीम ने शातिर तस्करों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि पैंगोलिन का 50 करोड़ रुपए में सौदा करने पखांजूर से रायपुर लाए हैं. पकड़े गए तस्करों में खोखन हालदार और गोपाल बोपचे शामिल हैं। इनमें से एक आरोपी बालाघाट का रहने वाला है, जिसके पास से पैंगोलिन को बरामद किया गया, और दूसरा पखांजूर का रहने वाला है. इन तस्करों के जरिए वन विभाग मुख्य तस्कर तक पहुंचने में जुटा है.




