रायपुर। राज्य सरकार ने सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है। आगामी तीन महीनों तक किसी भी प्रकार का अवकाश नहीं दिया जाएगा। सुशासन तिहार और जनगणना कार्य को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा निर्णय लिया गया है। आदेश के अनुसार बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर सेवा में ब्रेक माना जाएगा।
प्रदेश में आने वाले समय में जनगणना और सुशासन तिहार जैसे बड़े आयोजन होने वाले हैं। इन कार्यक्रमों को समय सीमा में पूरा करने के लिए सरकार को भारी संख्या में मानव संसाधन की आवश्यकता है। इसी आवश्यकता को देखते हुए छुट्टियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।
छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी संभागों के कमिश्नर और कलेक्टरों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। बिना अनुमति अवकाश लेने को सेवा में व्यवधान माना जा सकता है, जिसके लिए संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



