कलेक्टर ने दरबा, कोटगांव और भाटागांव में विकास कार्यों का किया निरीक्षण

SHARE:

धमतरी। जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं आजीविका संवर्धन कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने  कुरूद विकासखंड के ग्राम दरबा, कोटगांव एवं भाटागांव का भ्रमण कर स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा पहले ग्राम दरबा पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों द्वारा की जा रही गेंदा फूल की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने कृषकों से संवाद कर उत्पादन, लागत, विपणन व्यवस्था एवं आय संवर्धन के पहलुओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि उद्यानिकी आधारित गतिविधियां किसानों की आय में वृद्धि का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने, तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने तथा बाजार से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम कोटगांव में औषधि पादप बोर्ड के माध्यम से विकसित की जा रही औषधीय नर्सरी का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न औषधीय पौधों के संरक्षण, संवर्धन एवं उत्पादन की स्थिति की समीक्षा करते हुए नर्सरी के सुव्यवस्थित विकास, पौधों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा स्थानीय युवाओं को इससे जोड़कर रोजगार के अवसर सृजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि औषधीय खेती न केवल किसानों के लिए लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
भ्रमण के क्रम में कलेक्टर श्री मिश्रा ने ग्राम भाटागांव में निर्माणाधीन दुग्ध कलेक्शन सेंटर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समयसीमा की जानकारी लेते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि दुग्ध कलेक्शन सेंटर के प्रारंभ होने से क्षेत्र के पशुपालकों को उचित मूल्य पर दुग्ध विक्रय की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में नवाचार एवं समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुरूद  अमित सेन,, एसडीओ आरईएस  विनोद दीवान, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।

Join us on:

Leave a Comment