मनीष सरवैया वरिष्ठ पत्रकार महासमुंद। आदिम जाति कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री राम विचार नेताम ने अटल परिसर में शहीद वीर नारायण सिंह की मूर्ति का अनावरण किया। इस अवसर पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा सहित आदिवासी समाज के प्रतिनिधि मौजूद थे।
आज वे आदिवासी समाज द्वारा आयोजित रानी दुर्गावती शहादत दिवस पर महासमुंद जिले के प्रवास पर है । रानी दुर्गावती शहादत दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने महासमुंद पहुंचे प्रदेश के आदिम जाति कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री रामविचार नेताम ने अटल परिसर में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया। कार्यक्रम श्रद्धा, गौरव और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरा।
आदिवासी समाज के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जन- प्रतिनिधि व नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने शहीद वीर नारायण सिंह एवं वीरांगना रानी दुर्गावती के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज की गौरवशाली परंपराओं, जनजातीय संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी वीरों के योगदान का स्मरण किया गया। उपस्थित समाज के प्रति समर्पण की भावना के साथ दोनों महान विभूतियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।









