बागबाहरा @ मनीष सरवैया। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रसिद्ध उड्डीश तंत्र उक्त शक्तिपीठ में स्थित आदिवासी समाज के बूढ़ादेव देवालय में आयोजित महाशिवरात्रि पर्व एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन के संसदीय सचिव व विधायक द्वारिकाधीश यादव के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सर्व आदिवासी समाज के प्रांतीय उपाध्यक्ष कमलेश ध्रुव ने की। वही विशेष अतिथि की आसंदी पर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि निषाद विराजमान रहे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर आदिवासी समाज के जिला महासचिव एम पी ध्रुव, जगबंधु सीकिया सुरेश मलिक मोतीलाल कुमार मदन देवांगन दयाराम गडरिया गौतम नेता मान सिंह दीवान मदनलाल ध्रुव संतोष कुमार जी विराजमान रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत सर्व आदिवासी समाज के आराध्य देव भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना से प्रारंभ हुई। महाशिवरात्रि के पर्व पर आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान बूढ़ादेव का अभिषेक पूजन भी संसदीय सचिव श्री यादव एवं उपस्थित अन्य अतिथियों के कर कमलों से संपन्न हुआ। तत्पश्चात कार्यक्रम स्थल पर आयोजित विवाह समारोह में संसदीय सचिव श्री यादव एवं उपस्थित अतिथियों के द्वारा नवविवाहित दंपतियों को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की गई। इस अवसर पर आदिवासी गोंड समाज सुअरमाल एवं सर्व आदिवासी समाज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हुए पदाधिकारी गण व बड़ी संख्या में माताएं बहने उपस्थित रहे।




