धमतरी। रानी अहिल्या बाई होल्कर की जयंती के अवसर पर भाजपा ने रविवार को अग्रसेन भवन धमतरी में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस अवसर पर भाजपा नेता शंकर अग्रवाल ने कहा कि एक नारी होते हुए भी रानी अहिल्या बाई होल्कर ने आज से वर्षो पूर्व एक धर्मनिष्ठ, न्यायप्रिय वीर शासिका के रूप में सत्ता संभाली, उसके लिए उन्हें पुण्यश्लोका, लोकमाता जैसी उपाधियों से नवाजा गया। छोटी उम्र में उनका विवाह मल्हार राव के पुत्र खांडेराव से हुआ और युवावस्था में ही परिवार के सभी पुरुष सदस्यों के वियोग के बाद उन्होंने सत्ता की बागडोर संभाली।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि रानी अहिल्या बाई होल्कर का जो शासन करने का तरीका था, वो आज की भारतीय राजनीति में भी पूरी तरह प्रासंगिक है। ऐसी महान शख्सियत के विषय में इस देश के बहुत काम लोगों को जानकारी है। उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को पढ़ने और जानने की आवश्यकता है।
जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस ने कहा कि रानी अहिल्या बाई होल्कर की जन्मजयंती के कार्यक्रमों को मंडल स्तर तक ले जाने के लिए मंडल में टीम बनाई गई है। जिले से प्रत्येक मंडलों में 2-2 वक्त भेजे जायेंगे जो नीचे तक जाकर उनके विषय में गोष्ठियां करेंगे। पूर्व विधायक रंजना साहू ने विस्तार से रानी अहिल्या बाई होल्कर की जीवनी पर प्रकाश डाला।




