आयुष्मान आरोग्य मंदिर नवागांव, बेलर को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेट

Oplus_0
कलेक्टर श्री मिश्रा ने दी अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं
सालाना 2 लाख 16 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि अगले तीन साल तक मिलेगी
धमतरी…. नगरी ब्लॉक के नवागांव आयुष्मान आरोग्य मंदिर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेट मिला है। राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन में इस आरोग्य मंदिर ने छह मानकों को पूरा कर 84 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्राप्त करने वाला यह धमतरी जिले का 35 वां स्वास्थ्य केन्द्र तथा 27 वां आयुष्मान आरोग्य मंदिर है।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नवागांव बेलर को राष्ट्रीय सर्टिफिकेट मिलने पर स्वास्थ्य अमले को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस सर्टिफिकेट के मिल जाने से नवागांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर को प्रतिवर्ष दो लाख 16 हजार रूपये अगले तीन साल तक प्रोत्साहन राशि के रूप में मिलेंगे। धमतरी जिले में अब 6 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, 2 सिविल अस्पताल और 27 आयुष्मान आरोग्य मंदिर को यह सर्टिफिकेट मिल चुका है।
  मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.यू.एल.कौशिक ने बताया कि यह सर्टिफिकेट स्वास्थ्य ’राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक’ के तहत किसी भी स्वास्थ्य संस्था का मूल्यांकन चार चरणों में किया जाता है। पहले चरण में आत्म मूल्यांकन होता है। इस चरण में स्वास्थ्य संथा स्वयं अपनी सेवाओं, प्रक्रियाओं, संसाधनों और बुनियादी ढांचे का मूल्यांकन करती है। दूसरा चरण आंतरिक मूल्यांकन होता है। इसमें संस्था के भीतर से ही किसी प्रशिक्षित टीम द्वारा किया जाता है। इसका उद्देश्य गुणवत्ता सुधा की तैयारी की जांच करना और बाहरी मूल्यांकन से पहले सुधारत्मक कदम उठाना होता है। तीसरे चरण में राज्य स्तरीय मूल्यांकन होता है। इसमें राज्य की ओर से नामित मूल्यांकनकर्ता स्वास्थ्य संस्था का निरीक्षण करती है और एनक्यूएएस के मापदंडों के अनुसार मूल्यांकन करते हैं। यह एक तटस्थ जांच होती है। चौथे चरण में राष्ट्रीय स्तर का मूल्यांकन होता है। यह अंतिम चरण होता है और राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रकोष्ठ द्वारा मूल्यांकन किया जाता है।
सीएमएचओ ने बताया कि राष्ट्रीय टीम द्वारा 19 मार्च को अस्पताल का भौतिक मूल्यांकन किया गया। इसके बाद 22 अप्रैल को एक आकस्मिक निरीक्षण किया गया। सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 14 जून 2025 को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक सर्टिफिकेट प्रदाय किया गया। इस उपलब्धि के साथ अब अस्पताल को 12 चयनित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के तहत प्रत्येक कार्यक्रम के लिए 18 हजार रूपये प्रति वर्ष के मान से कुल दो लाख 16 हजार रूपये प्रतिवर्ष की प्रोत्साहन राशि अगले तीन साल तक दी जाएगी।

Leave a Comment

Notifications